आजमगढ़ में पूजा के दौरान 2 पंडितों की हत्या, पत्नी को भी मारा उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आयी है.
घर में पूजा के दौरान एक शख्स ने दो पुजारियों की गोली मारकर हत्या कर दी जबकि घटना के दौरान आरोपी की पत्नी की भी गोली लगने से मौत हो गई. बताया जा रहा है कि पुजारियों की पहचान को लेकर आधार कार्ड मांगने पर विवाद हुआ था.
घटना आजमगढ़ के अहरौला थाना क्षेत्र की है. मंगलवार देरशाम शंभूपुर गांव में ट्रिपल मर्डर से हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तीनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए.
घटना के दौरान आरोपी ने भी खुद को घर में बंद कर लिया था. पहचान को लेकर विवाद? शंभूपुर गांव में बबिता सिंह अपने घर में पूजा करा रही थीं. बताया जा रहा है कि बबिता ने ही दो पंडितों को पूजा के लिए घर बुलाया था.
इसी दौरान उनका पति अरविंद सिंह बाजार से लौटा और पंडितों से आधार कार्ड मांगा. विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने लाइसेंसी पिस्तौल से गोलियां बरसा दीं.