आजमगढ़ में पूजा के दौरान 2 पंडितों की हत्या, पत्नी को भी मारा
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आयी है. घर में पूजा के दौरान एक शख्स ने दो पुजारियों की गोली मारकर हत्या कर दी जबकि घटना के दौरान आरोपी की पत्नी की भी गोली लगने से मौत हो गई. बताया जा रहा है कि पुजारियों की पहचान को लेकर आधार कार्ड मांगने पर विवाद हुआ था.
घटना आजमगढ़ के अहरौला थाना क्षेत्र की है. मंगलवार देरशाम शंभूपुर गांव में ट्रिपल मर्डर से हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तीनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए. घटना के दौरान आरोपी ने भी खुद को घर में बंद कर लिया था.
पहचान को लेकर विवाद?
शंभूपुर गांव में बबिता सिंह अपने घर में पूजा करा रही थीं. बताया जा रहा है कि बबिता ने ही दो पंडितों को पूजा के लिए घर बुलाया था. इसी दौरान उनका पति अरविंद सिंह बाजार से लौटा और पंडितों से आधार कार्ड मांगा. विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने लाइसेंसी पिस्तौल से गोलियां बरसा दीं.
यह भी पढ़ें: मऊ: हत्या आरोपी ने रची मौत की साजिश, बकरे को जलाया
पुजारियों की हुई पहचान
घटनास्थल पर ही दोनों पुजारियों और बबिता की मौत हो गई. पुजारियों की पहचान महेन्द्र पाठक और अखिलेश मिश्र के रूप में हुई है. दिल-दहला देने वाली इस वारदात के पीछे असल वजह आधार कार्ड मांगना और पत्नी से विवाद है या फिर कोई और कारण है, पुलिस की टीम इस बात की छानबीन कर रही है.
पुलिस का बयान
थाना अहरौला क्षेत्र के शंभूपुर में एक व्यक्ति द्वारा पत्नी और 2 अन्य व्यक्तियों की गोली मारकर हत्या की सूचना पर पुलिस बल एवं फॉरेंसिक टीम मौके पर मौजूद है. साक्ष्य संकलन एवं विधिक कार्यवाही की जा रही है - डॉ. अनिल कुमार, SSP
आजमगढ़ में हुई घटना के बाद पुलिस की कई टीमें मौके से सबूत जुटा रही हैं. आस-पास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, जिससे घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके.
टिप्पणियां (0)
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं। पहली टिप्पणी आप करें।