उत्तर प्रदेश के मेरठ में बुधवार सुबह चिंदौड़ी गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक निजी स्कूल की बस का स्टेयरिंग फेल से होने के चलते खाई में जा गिरी. इसके बाद वहां चीख-पुकार मच गयी. इस हादसे में 15 बच्चे घायल हो गए हैं. सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घायल स्कूली बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया. इनमें कुछ बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
हादसा सुबह करीब 7:30 बजे रहटा ब्लॉक क्षेत्र में हुआ. दुर्घटना की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. बस के भीतर फंसे बच्चों को निकालने के लिए ग्रामीणों ने उसके शीशे तोड़े और बच्चों को बाहर निकाला. इसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. सुचना मिलने पर बच्चों के परिजन भी घटनास्थल और अस्पतालों की ओर दौड़ पड़े.
बच्चों को घरों से ला रही थी बस
स्थानीय लोगो के अनुसार स्कूली बस एक गांव से बच्चों को लेने के बाद दूसरे गांव की ओर जा रही थी. इसी दौरान चिंदौड़ी गांव के पास उसका स्टेयरिंग फेल हो गया. चालक वाहन को संभाल नहीं पाया और बस खेत में जा गिरी.
यह भी पढ़ें: UP: 13 हजार फेक EPIC कार्ड का मामला, ऑपरेटरों की ID बंद
ड्राईवर पर शराब पीकर गाड़ी चलाने का आरोप
हादसे के बाद ग्रामीणों और बच्चों के परिजनों ने चालक पर शराब के नशे में बस चलाने का आरोप लगाया. लोगो ने बताया की दुर्घटना के बाद चालक बच्चो को बचाने की जगह मौके से फरार हो गया. इसको लेकर लोगों में नाराजगी रही.
परिजनों ने स्कूल में किया हंगामा
हादसे की सूचना मिलने के बाद अभिभावक और ग्रामीण स्कूल पहुंच गए. वहां स्कूल प्रबंधन के साथ उनकी कहासुनी हुई और हंगामे की स्थिति बन गई. लोगों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की. बाद में स्कूल संचालक और अन्य लोगों ने समझाकर उन्हें शांत कराया.
स्कूल संचालक ने आरोपों को नकारा
स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल के संचालक अजय गुप्ता ने चालक के शराब के नशे में होने के आरोप को खारिज किया. उनका कहना है कि चालक ने शराब नहीं पी थी. उन्होंने स्कूल में हंगामा होने से भी इनकार किया. संचालक के मुताबिक, हादसे में केवल दो बच्चे घायल हुए हैं और स्कूल प्रबंधन उनके इलाज का खर्च उठाएगा.
उधर इस घटना के बाद स्कूल बसों की फिटनेस को लेकर सवाल खड़े हो गाए हैं. स्थानीय लोगों ने RTO और ट्रैफिक पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है. उनके मुताबिक अगर ऐसे वाहनों की चेकिंग होती तो शायद यह हादसा नहीं होता.
टिप्पणियां (0)
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं। पहली टिप्पणी आप करें।