उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पुलिस ने जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए पांच करोड़ से ज्यादा रुपए बरामद किए हैं. 500-500 के नोटों की गड्डियां तीन ड्रम में छिपाकर रखी गयीं थीं. पुलिस ने आयकर विभाग की सूचना देकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
चोरी के रुपए छिपाने पर पड़ा था छापा
दरअसल पूरा मामला प्रयागराज के नवाबगंज इलाके के बरईपुर गांव का है. यहां राकेश यादव उर्फ महाकाल के पुश्तैनी मकान में चोरी के रुपये जमीन में छिपाकर रखने की सूचना पुलिस को मिली थी. यह जानकारी पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया तक पहुंची, जिसके बाद पुलिस ने छापेमारी की योजना बनाई.
यह भी पढ़ें: UP: 13 हजार फेक EPIC कार्ड का मामला, ऑपरेटरों की ID बंद
गांव की बिजली कटवाकर की छापेमारी
बुधवार शाम करीब 6 बजे डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार और एडीसीपी गंगानगर पुष्कर वर्मा समेत पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. कार्रवाई से पहले पूरे गांव की बिजली कटवा दी गई. इसके बाद पुलिस ने मकान में तलाशी अभियान शुरू किया.
करीब साढ़े चार घंटे तक चली तलाशी के दौरान जमीन में दबे तीन नीले ड्रम बरामद हुए. पुलिस के मुताबिक, ड्रमों में कपड़े से लपेटकर नोटों की गड्डियां रखी गई थीं. पुलिस ने कैश को कब्जे में लेकर सील कर दिया और मकान की घेराबंदी कर दी.
इस कार्रवाई के दौरान सोरांव के एसीपी श्यामजीत प्रमिला सिंह भी मौजूद रहे. पुलिस ने राकेश यादव के भाई बबलू को भी हिरासत में लिया है. परिवार के अन्य सदस्यों से भी पूछताछ की जा रही है.
आसपास के इलाके में पुलिस तैनात
पुलिस ने मकान के साथ-साथ बाग और खाली जमीन की भी घेराबंदी की है. घर के आसपास 40 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. अधिकारियों के मुताबिक, रात होने की वजह से बुधवार को तलाशी अभियान रोक दिया गया था. आगे की जांच जारी है.
राकेश ने खरीदी थी 22 बीघा जमीन
ग्रामीणों के मुताबिक, राकेश यादव कई साल पहले पुणे में अपने बहनोई और साले के साथ रहकर एक सर्राफा कारोबारी के यहां काम करता था. कोविड के दौरान वह गांव लौट आया. इसके बाद उसने 22 बीघा जमीन खरीदी, जिसकी कीमत 10 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है.
ग्रामीणों का दावा है कि राकेश ने करीब एक करोड़ रुपये खर्च कर मकान बनवाया. इसके अलावा उसने दो ट्रैक्टर, DJ और पिकअप भी खरीदे. बाद में वह गांव में सीमेंट और सरिया का कारोबार करने लगा.
पड़ोसियों से विवाद के बाद शुरू हुई जांच
जानकारी के मुताबिक, करीब पांच-छह दिन पहले राकेश यादव का पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों से विवाद हुआ था. इस मामले में उसके खिलाफ FIR भी दर्ज की गई थी. जांच के सिलसिले में थाने के एक दरोगा राकेश के घर पहुंचे थे, जहां उनकी राकेश से कहासुनी हो गई.
इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज की और घर में करोड़ों रुपये छिपाकर रखे जाने की जानकारी सामने आई.
टिप्पणियां (0)
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं। पहली टिप्पणी आप करें।