उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक शख्स ने अपनी मौत का नाटक कर अपनी चिता तैयार की और उस पर एक बकरे का अंतिम संस्कार करवा दिया. इसके बाद AI की मदद से फोटो बनाकर अपने आपको मृत घोषित करवा दिया. यही नहीं अपना फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र भी बनवा लिया. हत्या में वांछित इस आरोपी को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस गिरफ्त में आए इस शख्स का नाम राजू उर्फ़ राजकुमार राजभर है जोकि ख्वाजाजहानपुर का रहने वाला है.
क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के मुताबिक, 19 दिसंबर 2016 को मऊ के मुंशीपुरा रेलवे लाइन के पास योगेश सिंह नामक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. इस मामले में राजू और सुदर्शन राजभर को आरोपी बनाते हुए परिजनों ने तहरीर दी थी. यह मामला अभी कोर्ट में विचाराधीन था.
यह भी पढ़ें: नीले ड्रम हत्याकांड: मुस्कान-साहिल ने हाईकोर्ट में दी अपील
आरोपी राजू को आशंका हो चुकी थी कि उसे इस हत्या में सजा हो सकती है और फिर उसने अपनी मौत का झूठा खेल रचा.
शव की जगह जलाया बकरा
राजू ने 30 मई 2025 को गाजीपुर में राजागंज शमशान पर अपनी मौत का नाटक रचा. जिसमें उसने चिता पर लेते हुए एक फर्जी तस्वीर तैयार की और शव की जगह बकरे को जला दिया. इसके बाद इसी तस्वीर के आधार पर मौत का फर्जी सर्टिफिकेट तैयार करवा लिया.
इस गलती से पकड़ा गया
पुलिस के मुताबिक, राजू गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था. 25 अक्टूबर 2026 की सुबह मऊ पुलिस ने एसओजी और सर्विलांस टीम की मदद से उसे ख्वाजाजहांपुर इलाके के पास गिरफ्तार कर लिया. जबकि बताया जा रहा है कि आरोपी अपनी पत्नी और बेटे से मिलने आया था तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है.
पुलिस अब इस मामले में राजू की मदद करने वाले लोगों की तलाश कर रहा है, जिन्होंने फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने में उसकी मदद की है. इसके अलावा उसके खिलाफ शेयर बाजार में ट्रेडिंग के नाम पर पैसे हड़पने का भी आरोप है.
टिप्पणियां (0)
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं। पहली टिप्पणी आप करें।