उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक शख्स ने अपनी मौत का नाटक कर अपनी चिता तैयार की और उस पर एक बकरे का अंतिम संस्कार करवा दिया.
इसके बाद AI की मदद से फोटो बनाकर अपने आपको मृत घोषित करवा दिया. यही नहीं अपना फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र भी बनवा लिया. हत्या में वांछित इस आरोपी को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस गिरफ्त में आए इस शख्स का नाम राजू उर्फ़ राजकुमार राजभर है जोकि ख्वाजाजहानपुर का रहने वाला है. क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के मुताबिक, 19 दिसंबर 2016 को मऊ के मुंशीपुरा रेलवे लाइन के पास योगेश सिंह नामक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. इस मामले में राजू और सुदर्शन राजभर को आरोपी बनाते हुए परिजनों ने तहरीर दी थी.
यह मामला अभी कोर्ट में विचाराधीन था. आरोपी राजू को आशंका हो चुकी थी कि उसे इस हत्या में सजा हो सकती है और फिर उसने अपनी मौत का झूठा खेल रचा.