उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. खुदागंज थाना क्षेत्र के सूथा गांव में दो साधुओं की बेरहमी से हत्या कर दी गई. हत्यारों ने वारदात को छिपाने के लिए साधुओं के शवों को जला भी दिया.
मंदिर परिसर के पास से जले हुए शवों के अवशेष मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
देर रात हुई वारदात शाहजहांपुर का शांत गांव सूथा, जहां देर रात गांव के मंदिर की देखभाल करने वाले दो वृद्ध साधु बाबा गोपाल दास और बाबा बिहारी दास की अज्ञात हमलावरों ने निर्मम हत्या कर दी.
हैवानियत यहीं नहीं रुकी, दरिंदों ने साक्ष्य मिटाने के इरादे से दोनों शवों को आग के हवाले कर दिया. सुबह जब स्थानीय लोग मंदिर पहुंचे, तो वहां का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए.
मंदिर के पास से दोनों साधुओं के अधजले अवशेष बरामद हुए. देखते ही देखते खबर आग की तरह फैल गई और मौके पर ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा.