उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. खुदागंज थाना क्षेत्र के सूथा गांव में दो साधुओं की बेरहमी से हत्या कर दी गई. हत्यारों ने वारदात को छिपाने के लिए साधुओं के शवों को जला भी दिया.
मंदिर परिसर के पास से जले हुए शवों के अवशेष मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
देर रात हुई वारदात
शाहजहांपुर का शांत गांव सूथा, जहां देर रात गांव के मंदिर की देखभाल करने वाले दो वृद्ध साधु बाबा गोपाल दास और बाबा बिहारी दास की अज्ञात हमलावरों ने निर्मम हत्या कर दी. हैवानियत यहीं नहीं रुकी, दरिंदों ने साक्ष्य मिटाने के इरादे से दोनों शवों को आग के हवाले कर दिया.
यह भी पढ़ें: मऊ: हत्या आरोपी ने रची मौत की साजिश, बकरे को जलाया
सुबह जब स्थानीय लोग मंदिर पहुंचे, तो वहां का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए. मंदिर के पास से दोनों साधुओं के अधजले अवशेष बरामद हुए. देखते ही देखते खबर आग की तरह फैल गई और मौके पर ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा.
गांव में तनाव
घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है, जिसे काबू में रखने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार गश्त कर रहा है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए. त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है, जिससे अज्ञात कारणों और वारदात में शामिल अन्य लोगों के बारे में कड़ाई से पूछताछ की जा रही है.
"साधुओं की इस दोहरी हत्या के पीछे पुरानी रंजिश है, संपत्ति का विवाद या कोई अन्य वजह? पुलिस फिलहाल हर एंगल से मामले की तफ्तीश में जुटी है, लेकिन इस जघन्य वारदात ने पूरे इलाके में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
टिप्पणियां (0)
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं। पहली टिप्पणी आप करें।