यूपी के बाहुबली नेता और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने एक बार फिर राजनीति के पंडितों को हैरान कर दिया है. काँग्रेस की ओर से सीटों की डिमांड को लेकर उनसे सवाल किया गया तो ऐसा जवाब दिया कि हर कोई हैरान रह गया. बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि “अखिलेश के बिना सब सूना है.”
सपा से बृजभूषण के मधुर रिश्ते
समाजवादी पार्टी के नेताओं और बृजभूषण शरण सिंह के बीच रिश्ते हमेशा से ही मधुर रहे हैं. बृजभूषण शरण सिंह पहले भी कई बार अपने इंटरव्यू में सार्वजनिक रूप से अपनी बात कह चुके हैं. समाजवादी पार्टी से एक बार सांसद भी रह चुके हैं. हालांकि उसके बाद वो बीजेपी से सांसद रहे और अब उनका एक बेटा सांसद है जबकि दूसरा बेटा विधायक है. देवीपाटन मंडल की कई विधानसभा सीटों पर बृजभूषण शरण सिंह का दबदबा है.
कुछ समय पहले ही नोएडा में बृजभूषण शरण सिंह की बेटी को लेकर चुनाव लड़ने की अटकलें सामने आयी थीं. सोशल मीडिया में लोगों ने कहा था कि वे सपा के टिकट पर चुनाव लड़ेंगी. बृजभूषण शरण सिंह कई बार यूपी में सरकार कामकाज को लेकर सवाल उठा चुके हैं, जिसके बाद उनकी नाराजगी की बात सोशल मीडिया में कही जा रही थी. अब एक बार फिर उनके बयान ने सियासी सरगर्मी बढ़ा दी है.
यह भी पढ़ें: CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA गठबंधन का महाभियोग प्रस्ताव
संबंधों पर अखिलेश क्या बोले ?
लखनऊ में पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान अखिलेश यादव से जब इस बाबत सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा “हमारे संबंध बहुत अच्छे हैं उनसे”. अखिलेश यादव के इस बयान के बाद सोशल मीडिया में सियासी अटकलों का बाज़ार गर्म है. ख़ासतौर पर राज्यसभा चुनाव के मद्देनज़र.
ज़ाहिर है सियासत में हर समीकरण मायने रखता है. यूपी विधानसभा चुनाव से ऐन पहले बृजभूषण शरण सिंह और सपा मुखिया अखिलेश यादव के बयानों ने हलचल मचा दी है. उधर राज्यसभा चुनाव के मद्देनज़र यूपी में सियासी खलबली पहले ही मची हुई है.
टिप्पणियां (0)
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं। पहली टिप्पणी आप करें।