नीला ड्रम मर्डर केस, मुस्कान और साहिल दोषी क़रार, 15 दिन बाद सजा का ऐलान
मेरठ के चर्चित सौरभ राजपूत मर्डर केस में अदालत ने पत्नी मुस्कान और उसके बॉयफ़्रेंड साहिल शुक्ला को दोषी क़रार दिया है. मेरठ के नीले ड्रम हत्याकांड ने पूरे देश में सुर्खियां बटोरी थीं. मर्चेन्ट नेवी में काम करने वाले सौरभ की हत्या के बाद उसके शव को नीले ड्रम में सीमेंट भरकर बंद कर दिया गया था.
मेरठ की जिला अदालत ने लगभग 22 गवाहों और 126 तारीखों पर हुई सुनवाई के बाद लगभग डेढ़ साल में इस केस पर फैसला सुनाया. पत्नी मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला को साक्ष्यों और गवाहों के बिनाह पर दोषी क़रार दिया गया है. अब सजा पर 15 दिन बाद अदालत अपना फैसला सुनाएगी.
हत्याकांड की पूरी टाइमलाइन
3 मार्च 2025 को मेरठ में इस सनसनीख़ेज़ वारदात को अंजाम दिया गया था. मेरठ पुलिस ने हत्या के आरोप में लगभग एक हज़ार पन्नों की चार्जशीट अदालत में पेश की थी. जुलाई 2025 में केस का ट्रायल शुरू हुआ और फिर गवाहों के बयान और सबूतों के आधार पर अदालत ने 19 सितंबर को फैसला सुरक्षित रख लिया था.
यह भी पढ़ें: मऊ: हत्या आरोपी ने रची मौत की साजिश, बकरे को जलाया
सौरभ राजपूत मर्चेन्ट नेवी में अधिकारी थे. फरवरी 2025 में वह अपने बेटी के बर्थडे पर विदेश तैनाती से वापस मेरठ लौटे थे. साज़िश के तहत 3 मार्च को साहिल ने सौरभ के खाने में नशीली दवा मिलाकर उसे बेहोश कर दिया फिर प्रेमी साहिल के साथ मिलकर पति के सीने पर बैठकर उसे चाकू मारकर हत्या कर दी.
क्यों सुर्खियों में था नीला ड्रम?
सौरभ की हत्या के बाद उसके शव को ठिकाने लगाने के लिए कई तरह से कोशिश की लेकिन किसी को भनक न हो जाए उसके लिए बेहद हैरान करने वाला तरीका अपनाया. शव को बाथरूम में ले जाकर दोनों हाथ और सिर काटकर धड़ से अलग कर दिया. बाज़ार से ख़रीदकर एक नीला ड्रम लाए और शव के टुकड़े उसमें सीमेंट डालकर भर दिए. जबकि सिर कहीं और ठिकाने लगा दिया.
ऐसे हुआ था खुलासा
हत्या के बाद मुस्कान घूमने के लिए शिमला, मनाली और कसौली चली गई. जहां कई दिन तक वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करती रही, लेकिन वापस लौटी तो उसके देवर ने साहिल के साथ घूमते देख लिया. पूछने पर कोई जवाब नहीं दिया फिर घर से दुर्गंध आयी तो संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस के पहुंचने पर हत्याकांड का खुलासा हुआ.
घटना के बाद मुस्कान और साहिल के कई वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हुए थे जिसमें हिमाचल के होटल में रुकने से लेकर डांस करते समय का घटनाक्रम क़ैद था. पत्नी मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने गहनता से छानबीन की और सबूत जुटाए. फ़िलहाल मुस्कान ने इस दौरान एक बेटी को जन्म दिया और ये घटनाक्रम भी सुर्खियों में रहा. अब हर किसी की नज़र अदालत के उस फैसले पर है जब दोषी क़रार दी जा चुकी मुस्कान और साहिल की सजा का ऐलान मेरठ की अदालत करेगी.
टिप्पणियां (0)
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं। पहली टिप्पणी आप करें।