उत्तर प्रदेश में हाल ही में संपन्न हुए विधान परिषद चुनाव की चर्चा अभी थमी नहीं है. इस चुनाव में कुल 11 सीटों में बीजेपी ने छह और सपा ने पांच सीटें जीतीं थीं. आगरा शिक्षक MLC सीट पर जीते सपा के डॉ आकाश अग्रवाल ने MLC चुनाव में प्रशासन के दुरुपयोग का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि अगर निष्पक्ष चुनाव हुआ होता तो समाजवादी पार्टी कम से कम आठ सीटें जीतती.
डॉ आकाश अग्रवाल ने यह बयान आज लखनऊ में सपा कार्यालय में निर्वाचित हुए MLC के स्वागत कार्यक्रम में दिया. उन्होंने कहा, "ये जो चुनाव थे उसमें प्रशासन का दुरुपयोग किया गया, लोकतंत्र का काला अध्याय लिखा गया, ये न होता तो समाजवादी पार्टी कम से कम 8 सीटें जीतती." इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव 2027 में सपा की सरकार बनने जा रही है.
MLC चुनाव पर जारी है राजनीति
यह भी पढ़ें: CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA गठबंधन का महाभियोग प्रस्ताव
विधानसभा चुनावों से पहले हुए इन चुनावों में सपा ने जिस तरह से सत्तारूढ़ बीजेपी को चुनौती दी है, उसने बीजेपी की तैयारियों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. खासकर वाराणसी जोकि पीएम मोदी का संसदीय क्षेत्र है वहां स्नातक MLC और शिक्षक MLC सीट जीत कर बीजेपी को करारा झटका दिया है. सपा के स्नातक MLC आशुतोष सिन्हा और शिक्षक MLC लाल बिहारी यादव जीते हैं.
अखिलेश यादव ने सीएम योगी पर कसा तंज
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गोरखपुर-फैजाबाद MLC सीट पर धांधली का आरोप लगाया और सीएम योगी को ब्राहमण विरोधी तक बताया. उन्होंने कहा कि बीजेपी अब फ्लॉप शो हो चुकी है. इनके दस साल के शासन में 26 हजार से ज्यादा स्कूल बंद हो चुके, दलितों-पिछड़ों का आरक्षण छीना जा रहा है. यूपी की जनता इन्हें नकार चुकी है. ये पांच सीटें नहीं हारे बल्कि पचास जिलों में हारे हैं.
विधानसभा चुनावों से पहले बीजेपी की बढ़ी टेंशन
तीसरी बार सत्ता की कुर्सी का सपना देख रही भाजपा के लिए इन MLC चुनावों ने टेंशन बढ़ा दी है. जिस तरह से इन चुनावों में मतदान के दौरान से लेकर गिनती में हंगामा और मारपीट की घटनाएं हुईं उसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. इसके अलावा जिस तरह से गोरखपुर और आगरा में बागियों ने खुलकर बीजेपी के खिलाफत की उसने भी बीजेपी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं.
फिलहाल इन चुनावों का असर विधानसभा चुनावों पर दिखेगा या नहीं यह कहना अभी जल्दबाजी होगी.लेकिन इसने चुनावों में दिलचस्पी जरुर बढ़ा दी है. अब सबकी निगाहें उम्मीदवारों की घोषणा और चुनाव के ऐलान पर टिकी हैं.
टिप्पणियां (0)
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं। पहली टिप्पणी आप करें।