मुजफ्फरनगर के थाना शहर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने अपने पति पर तीन तलाक देने, दहेज उत्पीड़न और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं. पीड़िता ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर एसएसपी के नाम प्रार्थना पत्र सौंपते हुए पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
शामली की रहने वाली है पीडिता
पीड़िता के मुताबिक, वह जनपद शामली की रहने वाली है और करीब छह वर्ष पूर्व उसकी शादी थाना सिविल लाइन क्षेत्र के आर्यपुरी निवासी इस्तीखर बैग के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी. महिला का आरोप है कि शादी के समय मायके पक्ष ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज दिया था, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग इससे खुश नहीं थे और शादी के कुछ समय बाद से ही अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे. मांग पूरी न होने पर उसके साथ कथित तौर पर मारपीट की जाती थी
महिला ने बताया कि उसके तीन बच्चे हैं और पति द्वारा घर से निकाल दिए जाने के बाद वह बच्चों के साथ अपने मामा के घर रहने को मजबूर है.
किन्नर के साथ रहने का आरोप
पीड़िता ने अपने पति पर शादी से पहले से ही जोया नाम की एक किन्नर से कथित संबंध होने का आरोप लगाया है. महिला का दावा है कि उसके पास दोनों के कुछ वीडियो भी मौजूद हैं. आरोप है कि पति कई बार उक्त किन्नर को घर भी लेकर आया, जिसका विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई.
महिला के अनुसार, 2 जून को पति, ननदोई और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की. पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान दुपट्टे से उसका गला दबाया गया, जिससे वह बेहोश हो गई. होश में आने के बाद उसने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी. इसके बाद मीमलाना रोड निवासी उसके मामा ससुराल पहुंचे और परिवार के लोगों से बातचीत की.
तीन तलाक देने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान उसके पति इस्तीखर बैग ने उसे तीन तलाक दे दिया और घर से बाहर निकल जाने को कहा. महिला का कहना है कि इसके बाद से वह अपने तीन बच्चों के साथ मामा के घर रह रही है और न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रही है.
पीड़िता ने बताया कि उसका पति फिलहाल घर पर नहीं है और आरोप के मुताबिक जोया नाम की किन्नर के साथ फरार है. महिला ने एसएसपी से मामले की जांच कर पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है.