SIR में गड़बड़ी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के तेवर ढीले नहीं पड़ रहे. मंगलवार को राहुल गांधी दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके में जन सुनवाई में पहुंचे. यहां उन्होंने 4 बूथ से 416 वोटरों के नाम काटने का मुद्दा उठाया. उन्होंने इसके लिए सीधे चुनाव आयोग को कटघरे में खड़ा कर दिया.
राहुल गांधी ने कहा, “वोट हर भारतीय नागरिक का अधिकार है, लेकिन आज करोड़ों लोगों से उनका अधिकार छीना जा रहा है. हम काफी समय से यह मुद्दा उठा रहे हैं, लेकिन अब पूरा देश समझ रहा है कि 'वोट चोरी' टॉप लेवल से की जा रही है. गरीबों को वोटर लिस्ट से हटाया जा रहा है. नरेंद्र मोदी सिर्फ अमीरों का हिंदुस्तान बनाने पर तुले हैं.”
416 वोट काटने को बताया गैर कानूनी
राहुल गांधी ने आगे कहा, “आज की बैठक में सबने देखा कि कैसे 4 बूथों से 416 नाम गैर-कानूनी तरीके से हटा दिए गए. इस बारे में हम जब भी ज्ञानेश कुमार से सवाल पूछते हैं, तो वे कोई जवाब नहीं देते. जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, तब तक पूरा विपक्ष एकजुट होकर इस अन्याय के खिलाफ आवाज उठाता रहेगा.”
यह भी पढ़ें: CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA गठबंधन का महाभियोग प्रस्ताव
योगेन्द्र यादव भी रहे मौजूद
राहुल गांधी के साथ सामाजिक कार्यकर्ता योगेन्द्र यादव भी मौजूद रहे. उन्होंने भी इस तरह मतदाताओं के नाम काटने को गलत बताया और कहा कि जब दिल्ली में इस तरह मतदाताओं के नाम चुनाव योग की नाक के नीचे काटे जा रहे हैं तो बाकी देश में क्या हाल होगा ?
मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ मुखर हैं राहुल गांधी
यहां बता दें कि वोट चोरी और SIR के नाम पर हो रही गड़बड़ी को लेकर राहुल गांधी और समूचा विपक्ष काफी मुखर है.इसी को लेकर अब आगामी एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली का आयोजन किया जा रहा है. पिछले दिनों ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट मार्च और राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा था. अब राहुल गांधी पब्लिक के बीच जाकर इस मुद्दे को लगातार उठा रहे हैं.
टिप्पणियां (0)
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं। पहली टिप्पणी आप करें।