UP: अखिलेश पर योगी का 'जालीदार टोपी' वाला निशाना, अखिलेश का पलटवार!
उत्तर प्रदेश में बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच अयोध्या में राम मंदिर मामले पर सियासी बयानबाजी थमती नहीं दिख रही. मुख्यमंत्री योगी ने रविवार को समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा तो सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी पीछे नहीं रहे.
यूपी में विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नज़दीक आ रहे हैं वैसे ही अयोध्या भी सियासत के केन्द्र में आने लगी है. बीजेपी पहले ही हिन्दुत्व कार्ड खेलकर वोटों का ध्रुवीकरण करने की कोशिश में है जबकि राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले पर अखिलेश भी सत्ता पर क़ाबिज़ होने की कोशिश में हैं. अब फिर से अयोध्या मामले पर Yogi v/s Akhilesh सियासी पारी जारी है.
योगी का "जालीदार टोपी" वाला निशाना
रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा आमंत्रण दिए जाने के बावजूद शिलान्यास और प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में ये लोग नहीं गए. इनको वोट बैंक दिखाई देता था कि जाएँगे तो कहीं ऐसा न हो कि ‘जालीदार टोपी इनसे छिटक जाए.’
यह भी पढ़ें: CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA गठबंधन का महाभियोग प्रस्ताव
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राम मंदिर आंदोलन के प्रणेता अशोक सिंघल के जन्म शताब्दी वर्ष से जुड़े कार्यक्रम में शामिल हुए जहां ये बात कही. लखनऊ में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. मुख्यमंत्री ने बिना नाम लिए ही विपक्ष पर निशाना साधा और उनका इशारा मुख्य रूप से समाजवादी पार्टी की ओर ही था.
चढ़ावा चोरी के बहाने अखिलेश का पलटवार
वहीं दूसरी तरफ़ अखिलेश यादव ने भी एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान बीजेपी और संघ पर आरोप लगाते हुए कहा कि जो लोग मंदिर में चोरी कर सकते हैं, चढ़ावा चोरी कर सकते हैं, उनसे क्या उम्मीद करोगे आप. राम मंदिर चढ़ावा चोरी के बहाने अखिलेश यादव बीजेपी पर जमकर निशाना साध रहे हैं.
ज़ाहिर है अयोध्या के मुद्दे पर सियासी नफा-नुकसान का आंकलन सभी पार्टियों को है. ऐसे में सीएम योगी से लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी बीजेपी के ख़िलाफ़ मुखर होकर निशाना साध रहे हैं. बहरहाल ये बयान बताते हैं कि आने वाले दिनों में अयोध्या एक बार फिर यूपी की सियासत के केन्द्र में रहेगा.
टिप्पणियां (0)
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं। पहली टिप्पणी आप करें।