UP कोटे से बड़े नेताओं का राज्यसभा कार्यकाल नवंबर में होगा पूरा, मचेगी भगदड़!
BJP सरकार के मंत्री से लेकर SP, BSP के लिए अहम जानकारी
कहते हैं दिल्ली का रास्ता यूपी से होकर जाता है. सबसे ज्यादा सांसद देने वाले राज्य से राज्यसभा के लिए भी एक बड़ी जानकारी विधानसभा चुनाव से ऐन पहले सामने आ रही है. मतलब ये कि तैयारी भले ही विधानसभा चुनाव के लिए चल रही है लेकिन यूपी के माननीयों का लिटमस टेस्ट राज्यसभा चुनाव में ही होने वाला है.
नवबंर 2026 में यूपी के 9 और उत्तराखंड के 1 राज्यसभा सदस्य का कार्यकाल पूरा हो रहा है. ऐसे में अक्टूबर महीने में ही चुनाव की तारीखों का ऐलान हो सकता है. विधानसभा चुनाव के मुहाने पर खड़े राज्य में राज्यसभा चुनाव बड़ी हलचल पैदा कर सकता है. हर किसी की नजर संख्याबल पर टिकी रहेगी.
दिग्गज हस्तियां शामिल
यूपी कोटे से जिन राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल पूरा हो रहा है उनमें बीजेपी खेमे में केन्द्रीय मंत्री बी.एल.वर्मा, केन्द्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, बीजेपी के बड़े नेता अरुण सिंह, यूपी के पूर्व डीजीपी से सांसद बने बृजलाल और पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के बेटे नीरज शेखर शामिल हैं.
यह भी पढ़ें: CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA गठबंधन का महाभियोग प्रस्ताव
SP और BSP के लिए भी खास
यूपी से जिन 9 सदस्यों का कार्यकाल पूरा हो रहा है उनमें 7 बीजेपी के हैं जबकि समाजवादी पार्टी से प्रोफेसर रामगोपाल यादव का नाम शामिल है. बीएसपी के लिए बेहद मुश्किल समय है क्योंकि उनके एकमात्र राज्यसभा सांसद रामजी का कार्यकाल भी पूरा हो रहा है. यूपी में बीएसपी के पास विधायकों की संख्या भी उमाशंकर सिंह के निधन के बाद शून्य हो गई है. ऐसे में प्रस्तावक भी दूसरे दल से ही लाने पड़ेंगे.
किसको कितने सांसद मिलेंगे?
संख्या के हिसाब से एनडीए के समर्थन से 7 राज्यसभा सांसद निर्वाचित हो सकते हैं. समाजवादी पार्टी के 2 सदस्य राज्यसभा पहुंच सकते हैं. हालांकि इसके बाद भी एनडीए और समाजवादी पार्टी के पास वोट बच जाएंगे.
वोटों का गुणा-गणित
एनडीए - BJP 256 + 13 APNA DAL (S)+ RLD 9 + NISHAD 5 + असंबद्ध 3+ SBSP 6+ जनसत्ता दल 2 = 294
सपा - 10, कांग्रेस - 2
उत्तर प्रदेश विधानसभा में सदस्यों की कुल संख्या 403 है लेकिन मौजूदा समय में ये संख्या 397 है. नियमों के मुताबिक लगभग 40 वोट एक राज्यसभा प्रत्याशी को जीत के लिए जरूरी होंगे. इसके मुताबिक बीजेपी कोटे से 7 और समाजवादी पार्टी के कोटे से 2 प्रत्याशी राज्यसभा के लिए दिल्ली जा सकते हैं.
हालांकि दिलचस्प पहलू से भी है कि राज्यसभा चुनाव में कई बार चौंकाने वाले नतीजे भी सामने आते हैं. अब हर किसी की नजर राज्यसभा चुनाव और संभावित भागम भाग पर टिकी है क्योंकि विधानसभा चुनाव से पहले यूपी के सियासी मौसम में पश्चिमी विक्षोभ ही नहीं हवाओं का झोंका पूरब से भी आ सकता है.
टिप्पणियां (0)
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं। पहली टिप्पणी आप करें।