पौने तीन फ़ीट के चांद बाबू का बर्थडे, अखिलेश यादव ने तलवार से काटा केक
लखनऊ में समाजवादी पार्टी कार्यालय में शनिवार को एक ख़ास जन्मदिन कार्यक्रम चर्चा में रहा. इस जन्मदिन कार्यक्रम में ख़ुद सपा मुखिया अखिलेश यादव भी मौजूद रहे. पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी मौजूद रहे लेकिन ख़ास बात थी उस शख्स की जिसका जन्मदिन था. दरअसल छोटी हाइट वाले पार्टी कार्यकर्ता को टेबल पर ही केक काटने के लिए बैठाना पड़ा और तलवार से केक काटा गया.
अखिलेश यादव की मौजूदगी में हुए इस बर्थडे कार्यक्रम को लेकर हर कोई चर्चा इसलिए भी कर रहा था क्योंकि अखिलेश ने उस शख्स को बधाई के रूप में सौ रुपए का नोट भी दिया. अक्सर सपा दफ़्तर में जन्मदिन के मौके पर अखिलेश ऐसा ही करते हैं. शनिवार को पार्टी कार्यकर्ता के जन्मदिन पर न सिर्फ केक काटा गया बल्कि अखिलेश ख़ुद भी मौजूद रहे.
कौन है पौने तीन फ़ीट का वो शख्स
समाजवादी पार्टी मुख्यालय में दो फ़ीट नौ इंच हाइट वाले इस शख्स का नाम है चाँद बाबू. भदोही के रहने वाले चाँद बाबू समाजवादी पार्टी के लिए सोशल मीडिया पर रील बनाते हैं और सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव हैं. भदोही जिले के ज्ञानपुर क्षेत्र के सुंदरपुर गाँव के रहने वाले हैं और सपा के समर्पित कार्यकर्ता हैं.
अखिलेश यादव इससे पहले खजांची का जन्मदिन भी पार्टी दफ़्तर में मना चुके हैं. नोटबंदी के दौरान जन्म लेने वाले इस बच्चे का बर्थडे हर बार सुर्खियों में रहता है. अब चाँद बाबू का जन्मदिन मनाकर अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बूस्ट किया है.
टिप्पणियां (0)
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं। पहली टिप्पणी आप करें।