यूपी कैडर की पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने राजनीति में उतरने का ऐलान कर दिया है. महीनेभर पहले ही उन्होंने सेवा से इस्तीफा दिया था. मंगलवार को उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए राजनीति में उतरने की बात कही. लेकिन किस पार्टी और किस जगह से चुनाव लड़ेंगी इसका खुलासा अभी उन्होंने नहीं किया है.
दिव्या मित्तल ने यूपी को अपनी कर्मभूमि बताया और कहा कि उनकी राजनीतिक यात्रा इसी राज्य से शुरू होगी. उन्होंने कहा उनका उद्देश्य किसी नेता को बदलना नहीं है, बल्कि राजनीति के काम करने के तरीके में बदलाव लाना है. उन्होंने लोगों के साथ मिलकर काम करने की बात कही.
इस्तीफे से चर्चा में आयीं थीं
दिव्या मित्तल 2013 बैच की आईएएस अधिकारी थीं. अगस्त में उन्होंने 13 साल की सेवा के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया. उस समय उन्होंने राजनीति में उतरने का कोई इशारा नहीं किया था, लेकिन उन्होंने जीवन में कुछ नया करने का जरुर इशारा किया था. इस बीच पिछले दिनों उनका इस्तीफा स्वीकार हो गया था.
यह भी पढ़ें: UP: 13 हजार फेक EPIC कार्ड का मामला, ऑपरेटरों की ID बंद
मिर्जापुर से चर्चा में आयीं
दिव्या मित्तल ने यूपी में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया. लेकिन जब वे मिर्जापुर की डीएम बनीं तो उन्होंने वहां एक गांव में पहली बार पानी पहुंचाया, जो चर्चा का विषय बना. इसके बाद वे देवरिया की भी डीएम रहीं और इसके बाद उनका तबादला राजस्व विभाग में विशेष सचिव के पद पर हो गया था.
किसी राजनीतिक दल में शामिल नहीं होंगी
दिव्या मित्तल ने राजनीति में उतरने का ऐलान भले ही किया हो, लेकिन इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी भी राजनीतिक दल में शामिल नहीं होंगी. और लोगों के साथ मिलकर एक लोगों के लिए राजनीति करेंगी.
टिप्पणियां (0)
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं। पहली टिप्पणी आप करें।