उत्तर प्रदेश के महोबा में सरकारी बीज की कालाबाजारी का मामला सामने आया है. चरखारी से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने राजकीय कृषि बीज भंडार पर प्रभारी सोनू यादव को किसानों के लिए आए चने के बीज की सौ बोरियां पिकअप में लादकर ले जाते रंगे हाथों पकड़ लिया.
विधायक का गुस्सा इस कदर फूटा कि उन्होंने आरोपी प्रभारी को थप्पड़ तक जड़ दिए और कहा कि तुम अखिलेश यादव से मिले हुए हो जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. वहीं पुलिस ने पिकअप और बीज जब्त कर तीन आरोपियों हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.
बीज केंद्र प्रभारी पर भड़के विधायक
भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत के तेवर उस वक्त तीखे हो गए जब उन्होंने सरकारी योजनाओं में सेंधमारी करने वाले एक जिम्मेदार अधिकारी को रंगे हाथों धर दबोचा. चरखारी के राजकीय कृषि बीज भंडार में किसानों के बीच बांटने के लिए सरकार की ओर से निशुल्क चने का बीज भेजा गया था.
यह भी पढ़ें: UP: 13 हजार फेक EPIC कार्ड का मामला, ऑपरेटरों की ID बंद
आरोप है कि बुधवार रात के अंधेरे में बीज गोदाम प्रभारी सोनू यादव अपने साथियों के साथ मिलकर इस बेशकीमती सरकारी बीज को चुपचाप पिकअप वाहन में लोड कर कालाबाजारी के लिए ले जा रहा था. शिकायत मिलने पर विधायक बृजभूषण राजपूत अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए.
गोदाम प्रभारी से जब्ती और कागजात को लेकर पूछताछ की गई तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और गुमराह करने की कोशिश करने लगा। इस दौरान विधायक का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने गोदाम प्रभारी को खरी-खोटी सुनाते हुए कहा कि तुम अखिलेश यादव से मिले हुए हो और उसे दो थप्पड़ जड़ दिए. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें विधायक कड़े तेवर दिखाते नजर आ रहे हैं. विधायक ने साफ चेतावनी दी है कि किसानों के हक पर डाका डालने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें जेल की हवा खिलाई जाएगी.
कृषि अधिकारी मौके पर पहुंचे
सूचना मिलते ही उपकृषि निदेशक के निर्देश पर प्रभारी जिला कृषि अधिकारी बीसी विश्वकर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. जांच के दौरान पिकअप वाहन से चने के बीज के करीब सौ बोरी बीज बरामद किए गए, जिनकी कीमत चार से पांच लाख रुपये आंकी गई है.
टिप्पणियां (0)
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं। पहली टिप्पणी आप करें।