मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ माफ़िया पर एक्शन मोड में हैं. प्रयागराज में जिस जमीन को कब्जा कर माफिया अतीक और उसके गुर्गों ने कब्जा कर लिया था वहां गरीबों के लिए हाईराइज बिल्डिंग बनेगी साथ ही कसारी-मसारी क्षेत्र अब कृष्ण पुरी के नाम से जाना जाएगा.
प्रयागराज की धरती पर अब माफिया कभी सिर नहीं उठा पाएगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को अतीक और उसके गुर्गों से खाली कराई गई जमीन पर गरीबों के लिए आवास के लिए भूमिपूजन किया और ये बात कही. प्रयागराज विकास प्राधिकरण की इस 9811 वर्ग मीटर आवासीय योजना में 14 मंजिला बिल्डिंग बनाई जाएगी जिसमें 602 फ्लैट होंगे. 56.45 वर्गमीटर वाले फ्लैट में जरूरी सुविधाओं पर फोकस किया जाएगा.
कसारी-मसारी नहीं अब कृष्ण पुरी!
यह भी पढ़ें: UP: 13 हजार फेक EPIC कार्ड का मामला, ऑपरेटरों की ID बंद
प्रयागराज में जिस जगह ये योजना शुरू हो रही है वह इलाका अतीक अहमद और उसके गुर्गों का ठिकाना था. अतीक ने अपने बेटों के लिए इसी इलाके में अस्तबल बनवाया था जहां घुड़सवारी करते थे. सीएम योगी ने कहा कि नाम से ही कसाई जैसा महसूस होता है अब इस क्षेत्र को कृष्ण पुरी के नाम से जाना जाएगा.
पहले माफिया अब नाम मिट्टी में मिलाया!
उत्तर प्रदेश में माफ़िया पर योगी सरकार सख्त है बड़ी संख्या में बदमाशों को कानून का सबक सिखाया जा चुका है. माफिया अतीक और उसके भाई अशरफ की मौत हो चुकी है उसकी पत्नी अब तक फरार है. बेटे जेल में हैं और एक बेटे की मौत हो चुकी है. जिस कसारी-मसारी के नाम से लोग डरते थे अब उसको भी बदल दिया गया. सीएम योगी ने जब कृष्ण पुरी रखने का ऐलान किया तो तालियां बजने लगीं.
समाजवादी पार्टी पर योगी का निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के पहले कोई सुरक्षित नहीं था. माफ़िया जिस जमीन पर पैर रख देता था उसकी हो जाती थी. एक समय था जब प्रयागराज पर ग्रहण लग चुका था. माफिया न केवल व्यापारियों के लिए खतरा बन गए थे बल्कि प्रशासन और न्यायपालिका के लिए भी चुनौती बन गए थे. अब प्रयागराज में कोई माफियागिरी कर्म का दुस्साहस नहीं करेगा. अगर कोई कराएगा या करेगा तो फिर मिट्टी में मिलने की तैयारी भी कर लेगा.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम में कुछ लाभार्थियों को चाबी भी सौंपी गई. कार्यक्रम में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, नंद गोपाल गुप्ता, पूर्व मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे.
प्रयागराज में इस कार्यक्रम के जरिए सीएम योगी ने न सिर्फ माफ़िया के खिलाफ अपने सख़्त लहजे का संदेश दे दिया बल्कि समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए चुनावी रणभेरी का भी आगाज कर दिया क्योंकि एमएलसी कोटे के लिए प्रचार में भी वह हिस्सा ले रहे हैं. बहरहाल सीएम योगी का माफिया को लेकर ये अंदाज लोगों को लुभा रहा है.
टिप्पणियां (0)
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं। पहली टिप्पणी आप करें।