मुंबई में रविवार देर शाम फिल्म अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर जानलेवा हमला किया गया, जिसमें वे बाल-बाल बच गए. उन्हें कुछ मामूली चोटें आयीं हैं. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और टाइगर को अस्पताल ले जाया गया. इस घटना से फिल्म जगत में सनसनी फैल गयी.
जानकारी के मुताबिक, घटना जुहू इलाके में पुष्पा पार्क के पास शाम करीब 7 बजे हुई. बताया जा रहा है कि टाइगर श्रॉफ एक निजी कार्यक्रम के बाद वहां से निकल रहे थे, तभी बाइक सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने उनकी कार को निशाना बनाकर गोलियां चलाईं.
फायरिंग के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए. पुलिस घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके.
यह भी पढ़ें: अमिताभ बच्चन के घर 'जलसा' और दिलजीत के शो को धमकी
ड्राइवर समेत दो लोग घायल
फायरिंग में टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर को हाथ में गोली लगी. वहीं, मौके पर मौजूद एक अन्य व्यक्ति भी गोली लगने से घायल हो गया. दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया.
रिपोर्ट्स के अनुसार, टाइगर श्रॉफ को भी मामूली चोटें आईं, लेकिन उन्हें गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई. घटना के बाद अभिनेता की सुरक्षा और बॉलीवुड सितारों को मिल रही धमकियों को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी
घटना के बाद सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने का दावा करने वाले लोगों की पोस्ट और ऑडियो क्लिप सामने आने की खबरें हैं. इनमें अनिल पंडित और हरमन संधू के नाम सामने आए हैं. रिपोर्ट्स में अभिनेता सलमान खान को लेकर धमकी दिए जाने का दावा भी किया गया है.
टिप्पणियां (0)
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं। पहली टिप्पणी आप करें।