लखनऊ में 28 साल के कारोबारी शिवा शर्मा की हत्या के मामले में पुलिस को मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे की तलाश है. आशंका जताई जा रही है कि श्रद्धा दुबे दिल्ली में किसी जगह छिपी हो सकती है. पुलिस की कई टीमें केस की छानबीन कर रही हैं और घटना के पीछे की कहानी का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं. श्रद्धा के बारे में एक नया खुलासा हुआ है और पता चला है कि वह पहले से शादीशुदा है और एक बेटा भी है. हालांकि तलाक़ हो चुका है और बेटा भी पति के साथ ही रहता है.
राजधानी लखनऊ में 9 अक्टूबर को हज़रतगंज कोतवाली इलाके के अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंज़िल से गिरकर कारोबारी शिवा शर्मा की मौत हो गई थी. शिवा पिछले कुछ महीने से श्रद्धा के साथ इसी अपार्टमेंट में लिव इन में रह रहा था. शिवा की मां ने हत्या का आरोप लगाया जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है. श्रद्धा ने अपार्टमेंट में फ़्लैट किराए पर लिया था, इसी अपार्टमेंट से गिरकर शिवा की मौत हो गई.
शिवा की मां ने पुलिस को लिखित शिकायत दी थी जिसमें घटना का ज़िम्मेदार श्रद्धा दुबे, उसकी बहन, ड्राइवर आदिल समेत पाँच लोगों को बताया गया है. आरोप है कि श्रद्धा ने ही बेटे को चौथी मंज़िल से धक्का देकर गिरा दिया. घटना के दौरान का एक सीसीटीवी फ़ुटेज भी पुलिस के हाथ लगा है जिसमें श्रद्धा मौके पर नज़र आ रही है लेकिन उसके बाद फ़रार क्यों हो गई इस बात का खुलासा उसकी गिरफ्तारी के बाद ही होगा.
यह भी पढ़ें: मऊ: हत्या आरोपी ने रची मौत की साजिश, बकरे को जलाया
श्रद्धा दुबे, मॉडलिंग और लाखों फॉलोवर्स
शिवा की मौत के मामले में मोस्ट वांटेड श्रद्धा दुबे मॉडलिंग करती है. सोशल मीडिया पर उसके लाखों फॉलोवर्स हैं. इंस्टा पर उसकी कई रील्स हैं जिनमें उसका अलग अंदाज़ दिखाई देता है. पुलिस को जानकारी मिली है कि श्रद्धा मूल रूप से रायबरेली की रहने वाली है और पति से उसका तलाक हो चुका है. दोनों का एक बेटा भी है जो पति के साथ ही रहता है.
शिवा से मुलाक़ात और लिव इन रिलेशनशिप
श्रद्धा और शिवा की मुलाक़ात लखनऊ के एक क्लब में हुई थी. इस मुलाक़ात के दौरान दोनों की नजदीकियां बढ़ीं और फिर एक दूसरे के क़रीब आ गए. शिवा की मां ने आरोप लगाया है कि श्रद्धा कई रसूखदार लोगों के संपर्क में थी. जिसका डर वह हमेशा शिवा को दिखाती थी. शिवा दो दिन पहले अपनी बीएमडब्ल्यू कार से निकला था और उसी अपार्टमेंट में था.
शिवा का आपराधिक इतिहास
मृतक शिवा के बारे में भी पुलिस ने छानबीन की तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ. शिवा के ख़िलाफ़ गोमतीनगर में फ़ायरिंग मामले में केस दर्ज है. पचास हज़ार का इनाम भी उसके ऊपर घोषित था पकड़े जाने के बाद जेल गया और हाल ही में छूटकर बाहर आया था. मां का आरोप है कि इसी वजह से श्रद्धा उसे डराती धमकाती थी.
इस हाइप्रोफाइल केस में पुलिस तह तक जाने की कोशिश कर रही है. कुछ लोगों को हिरासत में लेकर जानकारी जुटाई जा रही है. अधिकारी दावा कर रहे हैं कि जल्द ही घटना का खुलासा होगा और सच सामने आएगा.
टिप्पणियां (0)
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं। पहली टिप्पणी आप करें।